
जबलपुर। मध्य प्रदेश में सडक़ निर्माण के नाम पर हुए करोड़ों रुपये के डामर, बिटुमेन घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ईडी के भोपाल टीम ने जबलपुर समेत रीवा स्थित कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकदी और बैंक बैलेंस जब्त किया गया है। इसके साथ ही 55.60 करोड़ का घोटाला फर्जी बिलों के जरिए किए जाने का पर्दाफाश हुआ है। ईडी को तलाशी के दौरान भ्रष्टाचार की काली कमाई का बड़ा हिस्सा हाथ लगा है। जबलपुर समेत रीवा में चली छापेमारी के दौरान संपत्ति संबंधी दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों और 23.50 लाख रुपये की नकदी सहित विभिन्न आपत्तिजनक रिकॉर्ड बरामद कर जब्त किए गए। 2.93 करोड़ रुपये के बैंक बैलेंस और फिक्स्ड डिपॉजिट भी बरामद कर फ्रीज कर दिए गए।
ठेकेदारों, लोकसेवकों, अधिकारियों की मिलीभगत उजागर-
सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आया कि यह पूरा घोटाला सरकारी धन को हड़पने की एक सुनियोजित साजिश थी। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि ठेकेदारों ने मध्य प्रदेश ग्रामीण सडक़ विकास प्राधिकरण की परियोजना कार्यान्वयन इकाइयों के लोक सेवकों, अधिकारियों के साथ मिलकर फर्जी और मनगढ़ंत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड आदि के चालान जमा करके सडक़ निर्माण के डामर, बिटुमेन कार्य के लिए सरकारी भुगतान धोखाधड़ी से प्राप्त किया, जिसकी राशि 55.60 करोड़ रुपये थी, और इस प्रकार सरकारी खजाने को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाया। जांच में यह भी पता चला कि उक्त तेल कंपनियों से संबंधित बिलों में हेराफेरी करके उन्हें जमा किया गया था, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान हुआ।
मनी लॉन्ड्रिंग की जांच में मिली हेराफेरी
इस घोटले पर मध्य प्रदेश पुलिस, जबलपुर और रीवा की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा आईपीसी 1860 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के विभिन्न प्रावधानों के तहत दर्ज की गई थी। विभिन्न एफ आई आर के आधार पर ईडी ने पीएमएलए, 2002 के तहत जांच शुरू की। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय ने मध्य प्रदेश के जबलपुर और रीवा जिलों में विभिन्न परिसरों पर सडक़ निर्माण में बिटुमेन से संबंधित फर्जी बिल जमा करने से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के लिए छापेमारी की। जिसमें घोटाले के साथ हेराफेरी उजागर हुई। मामले की आगे की जांच जारी है।
