सेवा भारती दिल्ली ने योग दिवस पर शुरू किए 301 नए सेवा प्रकल्प, 5 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेवा भारती, दिल्ली ने समाज सेवा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों और सेवा बस्तियों में 301 नए सेवा प्रकल्पों का वर्चुअल शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया माध्यमों से आयोजित हुआ, जिसमें दिल्ली के विभिन्न जिलों के कार्यकर्ता, स्वयंसेवक, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में नागरिक ऑनलाइन जुड़े।

सेवा भारती के सेवा कार्य विस्तार अभियान के तहत शुरू किए गए इन प्रकल्पों में संस्कार केंद्र, स्वयं सहायता समूह (SHG), सिलाई केंद्र और स्वावलंबन केंद्र प्रमुख हैं। इनका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना, बच्चों में संस्कारों का विकास करना, युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण को बढ़ावा देना और वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर बनाना है।

इन सेवा प्रकल्पों से 5 हजार से अधिक लाभार्थियों के सीधे जुड़ने की संभावना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्पाइसजेट के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने कहा कि सेवा भारती के प्रयास समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सहायता पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

अखिल भारतीय सेवा प्रमुख पराग अभ्यंकर ने कहा कि सेवा केवल सहायता नहीं, बल्कि समाज में आत्मीयता, समरसता और राष्ट्रीय चेतना जगाने का माध्यम है। कार्यक्रम अध्यक्ष रमेश जी ने कार्यकर्ताओं से सेवा, संस्कार और संगठन की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का आह्वान किया।

विभिन्न सेवा स्थलों पर भारत माता पूजन, दीप प्रज्वलन, पुष्पार्पण और नारियल फोड़कर नए प्रकल्पों का विधिवत शुभारंभ किया गया।

Next Post

सिंगरौली में शांतिपूर्ण संपन्न हुई नीट परीक्षा

Sun Jun 21 , 2026
सिंगरौली । राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट जिले में आज रविवार को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश के लिए आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले के चार प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा […]

You May Like