आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने पर अनाउंसर्स डायरी पुस्तक का विमोचन

भोपाल। आकाशवाणी की 90 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा के अवसर पर नियमित उद्घोषकों द्वारा तैयार की गई पुस्तक ‘अनाउंसर्स डायरी’ का विमोचन शनिवार शाम श्यामला हिल्स स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए उद्घोषकों, साहित्यकारों और मीडिया जगत से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

‘अनाउंसर्स डायरी’ में देश के 21 राज्यों के 41 उद्घोषकों के अनुभवों और संस्मरणों पर आधारित लेख शामिल किए गए हैं।

पुस्तक का विमोचन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के निदेशक प्रो. डॉ. अमिताभ पांडेय ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विविध भारती मुंबई के सेवानिवृत्त वरिष्ठ उद्घोषक जी. श्याम ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल, आईएएस अधिकारी डॉ. श्रीकांत पांडेय तथा राजकोट से आए भरत याज्ञिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

पुस्तक के प्रधान संपादक पुरुषोत्तम श्रीवास ने कहा कि यह पुस्तक केवल एक किताब नहीं, बल्कि उद्घोषणा और आवाज़ के क्षेत्र से जुड़े अनुभवों का संग्रह है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक इस क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए एक मार्गदर्शक की तरह काम करेगी।

समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। गोवा की डॉ. शकुंतला भारणे ने कोंकणी गीत प्रस्तुत किया, जबकि भोपाल के वायलिन वादक ऋषभ मलिक ने अपनी प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से आए उद्घोषक-लेखकों को सम्मानित भी किया गया। समारोह में आकाशवाणी से जुड़े अनेक वर्तमान और पूर्व उद्घोषकों ने अपने अनुभव साझा किए और संस्था की 90 वर्ष की यात्रा को याद किया।

Next Post

अब नहीं चलेगी नकली चंदेरी साड़ी, हर असली साड़ी पर लगेगा GI टैग

Sun Jun 21 , 2026
अशोकनगर। चंदेरी साड़ियों के संरक्षण, उनके मूल स्वरूप को बनाए रखने और बुनकरों को उनके हक का सही दाम दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर साकेत मालवीय की अध्यक्षता में चंदेरी स्थित हैंडलूम पार्क में स्पेशल पर्पज व्हीकल (SPV) और मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग […]

You May Like