
इटारसी। मध्य प्रदेश के इटारसी में रीवा से आए एक प्रेमी जोड़े द्वारा रेलवे ट्रैक पर कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की सतर्कता से दोनों को समय रहते डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
युवक की पहचान 19 वर्षीय अनूप शुक्ल के रूप में हुई है, जबकि लड़की नाबालिग है। दोनों रीवा जिले के रहने वाले हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों सुबह 6 बजे इटारसी स्टेशन पहुंचे थे। इनके पास कोई सामान नहीं था। उन्होंने इटारसी से कीटनाशक खरीदा और गरीबी लाइन स्थित विष्णु नगर के पास रेलवे ट्रैक पर जाकर उसे पी लिया।
स्थानीय लोगों ने उन्हें ट्रैक पर देखकर डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद एम्बुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल लाया गया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल के मेडिकल स्पेशलिस्ट डॉ. सिमरनजीत सिंह ने बताया कि दोनों ने ‘2,4-D अमीन हर्बिसाइड’ (खेतों में खरपतवार के लिए इस्तेमाल होने वाला कीटनाशक) पिया है। अस्पताल में दोनों के पेट की सफाई (Stomach Wash) कर दी गई है। लड़की ने कम मात्रा (लगभग 20-50 ml) में जहर पिया था। उसकी हालत में अभी सुधार है और वह खतरे से बाहर है। युवक अनूप ने ज्यादा मात्रा (लगभग 350-400 ml) में जहर पिया है। उसे बुखार और बेहोशी की शिकायत है। उसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
डॉक्टर के अनुसार, यदि जरूरत पड़ी तो उसे बेहतर इलाज के लिए नर्मदापुरम के जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है। पुलिस द्वारा दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और परिवार वाले इटारसी के लिए रवाना हो चुके हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
