भारतीय मुक्केबाजों ने आठ गोल्ड सहित 12 मेडल जीते

नयी दिल्ली, 21 जून (वार्ता) भारत ने चेक गणराज्य में 56वें ग्रां प्री उस्ती नाद लाबेम (यूरोपियन बॉक्सिंग गोल्ड टूर्नामेंट) में शानदार प्रदर्शन किया। इस सीजन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक में, भारत ने कुल 12 मेडल जीते, जिनमें आठ गोल्ड, तीन सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
मजबूत अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ भारतीय टीम का अभियान बेहद सफल रहा। महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच मुक्केबाजों के साथ चार गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता। ओलंपिक मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), मौजूदा एशियाई चैंपियन प्रीति पवार (54 किग्रा), साक्षी (51 किग्रा) और प्रिया (60 किग्रा) ने अपने-अपने फाइनल में सर्वसम्मति से जीत हासिल करते हुए शानदार अंदाज में गोल्ड मेडल जीता। परवीन (65 किग्रा) ने सिल्वर मेडल जीतकर महिला टीम के शानदार प्रदर्शन को पूरा किया। पुरुष टीम ने भी चार गोल्ड मेडल जीतकर महिलाओं की सफलता की बराबरी की। जदुमानी सिंह मंडेन्गबाम (55 किग्रा), सचिन (60 किग्रा), अंकुश (80 किग्रा) और नरेंद्र ( 90 किग्रा) अपने-अपने कैटेगरी में चैंपियन बने। टीम को बधाई देते हुए बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, “56वें ग्रां प्री उस्ती नाद लाबेम में शानदार प्रदर्शन के लिए हमारे सभी मेडल विजेताओं को बधाई। मजबूत अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के बीच आठ गोल्ड और तीन सिल्वर मेडल जीतना एक उल्लेखनीय उपलब्धि है और यह हमारे मुक्केबाजों के समर्पण, अनुशासन और लड़ने के जज्बे को दर्शाता है।

उन्होंने कहा,”हमारी महिला टीम के असाधारण प्रदर्शन के लिए विशेष सराहना, जिन्होंने केवल पांच मुक्केबाजों के साथ चार गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता। यह भारतीय बॉक्सिंग के लिए गर्व का क्षण है। स्कॉटलैंड में 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए आपके सही चयन पर भी बधाई। यह आपकी यात्रा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। हम आप सभी को कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए शुभकामनाएं देते हैं। कड़ी ट्रेनिंग करें, फोकस बनाए रखें और आत्मविश्वास के साथ मुकाबला करें।आप इसी तरह शानदार प्रदर्शन करती रहें और भारत का नाम रोशन करें।” लवलीना ने फ़ाइनल में इटली की मेलिसा जेमिनी को 5-0 से हराया, जबकि प्रीति ने फ्रांस की जेसा मार्सेल को इसी अंतर से मात दी। साक्षी ने फ्रांस की मेसून बौरेगा को 5-0 से हराया और प्रिया ने चेक गणराज्य की पसंदीदा खिलाड़ी बारबोरा मैक्सोवा पर शानदार जीत हासिल की। जदुमनी ने फ़ाइनल में इंग्लैंड के अब्दुल बर्टन को 4-1 से हराया, जबकि सचिन और अंकुश ने क्रमशः हंगरी के वेरेस रोहलैंड और चेक गणराज्य के फ्लोरियन डेनियल पर 5-0 से बड़ी जीत दर्ज की। नरेंद्र ने कड़े मुकाबले वाले हैवीवेट फ़ाइनल में आर्मेनिया के डेविड चालोयन को 3-2 से हराया। आदित्य प्रताप यादव (65 किग्रा) और कपिल पोखरिया (90 किग्रा) को अपने खिताबी मुकाबलों में करीबी हार के बाद सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा, जबकि सुमित कुंडू (70 किग्रा) ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीता। यह टूर्नामेंट यूरोप के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित बॉक्सिंग इवेंट्स में से एक है। ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की तैयारियों के बीच भारतीय मुक्केबाजों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट साबित हुआ। भारत के मेडल विजेता गोल्ड: साक्षी (51 किग्रा-महिला), प्रीति पंवार (54 किग्रा-महिला), प्रिया (60 किग्रा-महिला), लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा-महिला), जदुमनी सिंह मंडेन्गबाम (55 किग्रा), सचिन (60 किग्रा), अंकुश (80 किग्रा), नरेंद्र ( 90 किग्रा)
सिल्वर: परवीन (65 किग्रा-महिला), आदित्य प्रताप यादव (65 किग्रा), कपिल पोखरिया (90 किग्रा)
ब्रॉन्ज़: सुमित कुंडू (70 किग्रा)

Next Post

कोलंबिया में राष्ट्रपति चुनाव के निर्णायक दौर के लिए मतदान: वामपंथी और दक्षिणपंथी उम्मीदवार आमने-सामने

Sun Jun 21 , 2026
बोगोटा, 21 जून (वार्ता) कोलंबिया में शनिवार को पहले दौर के राष्ट्रपति चुनाव में किसी भी उम्मीदवार को स्पष्ट बहुमत (50 प्रतिशत से अधिक वोट) न मिलने के कारण अब अंतिम दौर का मतदान हो रहा है। इसकी गिनती भी आज रात से ही शुरू हो जायेगी और देर रात […]

You May Like