ग्वालियर:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्वालियर में एक अनूठी पहल देखने को मिली। दीनदयाल नगर स्थित विद्या भवन पब्लिक स्कूल में संचालित श्रीहरि स्विमिंग एकेडमी में पहली बार स्विमिंग पूल के भीतर योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय और उभरते तैराकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एकेडमी के संस्थापक एवं सब लेफ्टिनेंट सचिन पाल ने बताया कि सुबह छह बजे आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने पानी के भीतर विभिन्न योग आसनों का अभ्यास किया। इस अनूठी पहल में तैराकों ने योगासन, योग पिरामिड और विभिन्न् आकृतियां बनाई, जिससे सभी का ध्यान आकर्षित किया।
तैराकी से 26 सालों से जुड़े वरिष्ठ कोच सचिन पाल ने बताया कि योग दिवस पर हर साल कार्यक्रम करते आएं है। हमारा उद्देश्य हर साल कुछ नया और प्रेरणादायक प्रस्तुत करना होता है। इस बार हमारे तैराकों ने जोश, आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय देकर स्विमिंग पूल में योग के आसान लगाए। कार्यक्रम को सफल बनाने में कोच अनुभव, प्रशांत, प्रमोद पाल, हरेंद्र सिंह चाहर, रवि भदौरिया, प्रमोद दीवाकर, प्रियंका गौतम, अर्चना, देवांगी तोमर का विशेष योगदान रहा।
