इंदौर: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय जेल इंदौर में 15 से 21 जून तक चले राज्यव्यापी योग अभियान का रविवार को समापन हो गया। सप्ताहभर चले इस कार्यक्रम में सैकड़ों बंदियों और जेल स्टाफ ने नियमित रूप से योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।अभियान के दौरान प्रतिदिन प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें बंदियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समापन के मौके पर बंदियों ने सामूहिक योग प्रदर्शन कर अपने अनुभव साझा किए और बताया कि योग से उन्हें मानसिक शांति और शारीरिक लाभ मिला है।
केंद्रीय जेल अधीक्षक डॉ. अलका सोनकर ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बंदियों में सकारात्मक सोच विकसित करना, तनाव कम करना और उनके पुनर्वास की प्रक्रिया को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि सप्ताहभर के अभ्यास के बाद बंदियों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।
उल्लेखनीय है कि इस अभियान की शुरुआत 15 जून को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रुसिया द्वारा की गई थी। कार्यक्रम में प्रदेश की सभी जेलें वर्चुअल माध्यम से जुड़ी थीं। यह अभियान बंदियों के सर्वांगीण विकास और सुधारात्मक प्रयासों की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
