सतना: रविवार को होने वाली नीट यूजी प्रवेश परीक्षा की सभी तैयारियां प्रशासन ने पूरी कर ली हैं। शहर के सात परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।प्रश्न पत्र दोपहर 1:30 बजे तक पूर्ण सुरक्षा के साथ परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाए जाएंगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद, उत्तर पुस्तिकाओं को गहन सुरक्षा व्यवस्था के साथ नोडल केंद्र तक ले जाया जाएगा।
इन वाहनों में जीपीएस सिस्टम से मैपिंग की जाएगी और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी होगी। दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी के दिशानिर्देशों के अनुसार, परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के लिए सात केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल व्यंकट क्रमांक एक, शासकीय कन्या महाविद्यालय, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2, पीएम श्री एक्सीलेंस शासकीय ऑटोनॉमस पीजी कॉलेज, पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल और पीएम श्री शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल व्यंकट 2 शामिल हैं। दोबारा आयोजित की जा रही नीट परीक्षा के आयोजन के लिए शहर में सात केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों में 2 हजार 912 स्टूडेंट्स शामिल होंगे।
कड़ी सुरक्षा में लाये गए पेपर
वायुसेना के विमान से पहले ही आ चुके पेपर नीट परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद निरस्त की गई परीक्षा अब 21 जून को दोबारा हो रही है। परीक्षा को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रश्नपत्रों को लीक होने से बचाने के लिए भारतीय वायुसेना के विशेष विमान के माध्यम से पहले ही रीवा एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया था, जहां से कड़ी सुरक्षा के बीच इन्हें सतना लाया गया।
सीआईएसएफ की तैनाती
पेपर को दो स्थानों में लॉकर में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। शहर में बनाए गए सात परीक्षा केंद्रों में 14 सीआईएसएफ के जवान तैनात रहेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों में दो-दो जवान सीआईएसएफ के तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी केंद्र में मौजूद रहेंगे। जीपीएस लगे वाहनों से केंद्र में पेपर पहुंचाए जाएंगे। इसमें भी पुलिस का पहरा रहेगा। जीपीएस के जरिए वाहनों की ट्रेकिंग की जाएगी।
स्टेशन में होगा शरबत से स्वागत
परीक्षा देने सतना आ रहे परीक्षार्थियों का रेलवे स्टेशन में शरबत से स्वागत किया जाएगा। आरपीएफ और जीआरपी ने शनिवार को इसकी तैयारियां शुरू की हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच स्टेशन के बाहर टेंट लगा कर परीक्षार्थियों और उनके परिजनों को शरबत पिलाने की व्यवस्था की जा रही है।
