
इंदौर। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन-सांवेर-इंदौर क्षेत्र में बनने वाला फोरलेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर क्षेत्रीय विकास, व्यापार, पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को नई गति देगा। उन्होंने केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ चंद्रावतीगंज में लगभग 2,935 करोड़ रुपये लागत की इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर परियोजना का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने प्रदेश में कुल 5,657 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि करीब 48 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के निर्माण से इंदौर के पितृ पर्वत क्षेत्र से उज्जैन के चिंतामन गणेश मंदिर और सिंहस्थ बायपास तक सीधा एवं तेज संपर्क स्थापित होगा। इससे इंदौर और उज्जैन के बीच आवागमन आसान होगा तथा सिंहस्थ 2028 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि किसानों की मांग पर परियोजना की ऊंचाई कम की गई है, जिससे स्थानीय किसानों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी। यह कॉरिडोर क्षेत्र के व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा देगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हेलमेट सुरक्षा अभियान की शुरुआत करते हुए युवाओं को हेलमेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट जीवन रक्षक साबित होता है और दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 42 हजार से अधिक आवासों का भूमि-पूजन और 38 हजार आवासों में गृह-प्रवेश कराया। इसके अलावा 446 करोड़ रुपये की 116 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 310 करोड़ रुपये से अधिक की 37 परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। स्वनिधि योजना के तहत क्षेत्र के 20 हजार छोटे व्यापारियों को 51 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी जारी की गई।
एमपी ने सर्वाधिक गेहूं खरीदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ने किसानों से सर्वाधिक गेहूं खरीदकर नया रिकॉर्ड बनाया है। राज्य सरकार ने करीब 14 लाख किसानों से गेहूं उपार्जन कर 2,625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
खट्टर ने की सराहना
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधारभूत संरचना, आवास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने उज्जैन में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र देश के प्रमुख धार्मिक और आर्थिक केंद्रों में शामिल होगा।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और उज्जैन में क्षिप्रा नदी के घाटों सहित विभिन्न सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
कांग्रेस पर बोला हमला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में आतंकवाद और नक्सलवाद जैसे मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण देश को लंबे समय तक इसकी कीमत चुकानी पड़ी। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है, जिससे देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने कांग्रेस की नीतियों और कार्यशैली को नकारते हुए लगातार चुनावों में उसे सत्ता से बाहर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी, जबकि वर्तमान सरकार विकास, सुरक्षा और सुशासन को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है।
