गुना: गुना-आरोन रोड पर सेमरी घाटी के पास एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मोटरसाइकिल पर सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मृतक विदिशा जिले की लटेरी तहसील के ग्राम उनारसीकलां के निवासी थे, जो गुना में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी सामने आई है कि ग्राम उनारसीकलां निवासी 45 वर्षीय रघुवीर सिंह यादव और उनके भतीजे 35 वर्षीय बलवीर सिंह यादव एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गुना आए हुए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद, दोनों चाचा-भतीजे अपनी मोटरसाइकिल से आरोन के रास्ते वापस अपने गांव उनारसीकलां लौट रहे थे। सफर के दौरान जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल गुना-आरोन मार्ग पर स्थित सेमरी घाटी के समीप पहुँची, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक दोनों दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से ग्राम उनारसीकलां में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
