चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

इंदौर: सोशल मीडिया पर चाकू लहराकर लोगों को धमकाने वाले युवक को चंदन नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया धारदार चाकू भी बरामद किया है. पुलिस ने आरोपी का इलाके में पैदल जुलूस निकालकर लोगों में कानून का संदेश देने की कोशिश की.मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराते हुए नजर आ रहा था. वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और साइबर सेल व चंदन नगर पुलिस ने जांच शुरू की.

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान फैज़ान उर्फ टिन्ना निवासी चंदन नगर के रूप में हुई. जांच में सामने आया कि 16 जून की शाम करीब 5 बजे इमामबाड़ा ई-सेक्टर क्षेत्र में आरोपी ने एक व्यक्ति से नशे के लिए 2 हजार रुपए मांगे थे. पैसे नहीं देने पर उसने चाकू निकालकर धमकाया, गाली गलौज की और मारपीट की. इस दौरान मौके पर भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके पास से चाकू जब्त किया.

आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है. थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है और नशे का आदी है. उसके खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में मारपीट, लूट और आर्म्स एक्ट सहित 8 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैलाने के चलते पुलिस ने आरोपी का चंदन नगर इलाके में पैदल जुलूस निकाला. इस दौरान आरोपी ने सार्वजनिक रूप से अपने कृत्य पर माफी मांगी और भविष्य में अपराध न करने की बात कही

Next Post

विधानसभा अध्यक्ष तोमर 21 जून को सतना आएंगे

Sat Jun 20 , 2026
सतना : मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर 21 जून को एक दिवसीय प्रवास पर सतना आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार विधानसभा अध्यक्ष 21 जून की प्रातः 2ः30 बजे महाकौशल एक्सप्रेस से सतना पहुंचेंगे। सर्किट हाउस सतना में विश्राम के पश्चात स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विशिष्ट जनों से भेंट करने के बाद […]

You May Like