जबलपुर: गढ़ा थाना अंतर्गत छोटी बजरिया में रहने वाले एनटीपीसी से सेवानिवृत्त एक बुजुर्ग साइबर ठग ने जाल में फंसाकर फेसबुक पर निवेश के नाम पर 3 लाख 20 हजार की चपत लगा दी हद तो तब हो गई जब पीड़ित ने अपने मुनाफे की किस्त मांगी, तो ठगों ने उन्हें 2 लाख और न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे डाली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छोटी बजरिया गढ़ा निवासी अखिलेश दत्त पड़रहा (62) एनटीपीसी से रिटायर्ड हैं। उन्होंने फेसबुक पर एक निवेश संबंधी विज्ञापन देखा था। बेहतर रिटर्न की उम्मीद में उन्होंने विज्ञापन पर क्लिक कर अपनी जानकारी भर दी। इसके तुरंत बाद उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने झांसा दिया कि यदि वे 3,20,000 निवेश करते हैं, तो उन्हें अगले तीन साल तक हर महीने 38,000 की किस्त वापस दी जाएगी।
जालसाज के झांसे में आकर पीड़ित अखिलेश दत्त ने भारतीय स्टेट बैंक की गढ़ा शाखा जाकर बताए गए बैंक खाते में 3,20,000 आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। जब वादे के मुताबिक 38,000 की पहली किस्त पीड़ित के खाते में नहीं आई, तो उन्होंने संबंधित मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। फोन पर बात करते ही आरोपियों के तेवर बदल गए। उन्होंने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, ठगों ने पीड़ित को डराना-धमकाना शुरू कर दिया और कहा कि अगर तुरंत 2 लाख और जमा नहीं किए, तो वे उन्हें झूठे केस में फंसा देंगे। धमकी और धोखाधड़ी से घबराए पीड़ित ने गढ़ा थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
