
ओंकारेश्वर। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे पवित्र तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर पहुंचीं। उनके आगमन के साथ ही पूरा क्षेत्र अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था और राष्ट्रीय महत्व के आयोजन का साक्षी बना।
कोठी हेलीपैड पर राष्ट्रपति का स्वागत मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल तथा संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र भावसिंह लोधी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
इस अवसर पर जनजातीय कार्य एवं लोक परिसंपत्ति प्रबंधन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, मान्धाता विधायक नारायण पटेल, पंधाना विधायक छाया मोरे, खंडवा विधायक कंचन तनवे तथा खंडवा महापौर अमृता अमर यादव सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वागत के बाद राष्ट्रपति का काफिला कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच लगभग 60 वाहनों के साथ एनएचडीसी गेस्ट हाउस के लिए रवाना हुआ। हेलीपैड से गेस्ट हाउस तक पूरे मार्ग पर पुलिस, एसपीजी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात रहे। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रतिबंध लागू किए गए।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पिछले कई दिनों से प्रशासन और पुलिस द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही थीं। नगर के प्रमुख मार्गों, घाटों और मंदिर परिसरों को विशेष रूप से सजाया गया है तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
अपने प्रवास के दौरान कल शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भगवान ओंकारेश्वर और भगवान ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन-पूजन करेंगी तथा अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। राष्ट्रपति के आगमन से संपूर्ण ओंकारेश्वर क्षेत्र में उत्साह और गौरव का वातावरण है।
