सतना: जंक्शन पर इन दिनों यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में श्रमिक और कामकाजी लोग रोज़गार की तलाश में सूरत, पुणे और मुंबई जैसे शहरों की ओर रवाना हो रहे हैं, जिसके कारण ट्रेनों में क्षमता से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं।
जंक्शन से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में इन दिनों यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार बड़ी संख्या में श्रमिक वर्ग के लोग रोजगार और आजीविका के लिए सूरत, पुणे, मुंबई सहित अन्य औद्योगिक शहरों की ओर जा रहे हैं। इसके चलते स्टेशन पर भीड़ का आलम बना हुआ है।
स्थिति यह है कि कई ट्रेनों के सामान्य डिब्बों के साथ-साथ आरक्षित कोचों के बाहर भी यात्रियों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं। अत्यधिक भीड़ के कारण अनेक यात्रियों को ट्रेन के भीतर बैठने तक की जगह नहीं मिल पा रही है और उन्हें खड़े होकर सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
यह जंक्शन विंध्य क्षेत्र का प्रमुख रेलवे केंद्र होने के कारण यहां प्रतिदिन आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं। रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज सहित अन्य क्षेत्रों के लोग लंबी दूरी की ट्रेनों से यात्रा करने के लिए सतना जंक्शन का उपयोग करते हैं। विभिन्न जिलों से आने वाले यात्रियों की अधिक संख्या के कारण स्टेशन पर लगातार भीड़ बनी रहती है, जिसका सीधा असर ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर दिखाई देता है। विशेष रूप से रोजगार, शिक्षा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बाहर जाने वाले यात्रियों की वजह से कई ट्रेनों में क्षमता से अधिक भीड़ देखने को मिलती है।
स्टेशन प्रबंधक ए. मतीन ने बताया कि सतना जंक्शन पर बढ़ती भीड़ का प्रमुख कारण रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले श्रमिक हैं। उनके अनुसार बड़ी संख्या में श्रमिक वर्ग के लोग मुंबई, पुणे और विशेष रूप से सूरत काम करने के लिए यात्रा करते हैं, जिसके चलते स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों का दबाव लगातार बना रहता है।
