
इंदौर. राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है. संभावित सड़क मार्ग को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट से देवगुराड़िया तक गुरुवार सुबह 6 बजे से यातायात पुलिस का विशेष बल तैनात किया जाएगा.
अधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रपति का एयरपोर्ट पर आगमन होने के बाद उनका कार्यक्रम बैतूल और ओंकारेश्वर का है. हालांकि मौसम या अन्य परिस्थितियों में बदलाव की स्थिति में सड़क मार्ग का विकल्प तैयार रखा है. इसी के चलते पूरे रूट पर सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट की विशेष व्यवस्था की है. एयरपोर्ट से बिजासन, सुपर कॉरिडोर, लवकुश, बापट चौराहा, विजयनगर, रेडिसन, बेस्ट प्राइज होते हुए देवगुराड़िया तक पुलिस बल तैनात रहेगा. यह व्यवस्था अगले दिन भी लागू रहेगी. वरिष्ठ अधिकारी लगातार पूरे मार्ग का निरीक्षण कर रहे हैं, वहीं एयरपोर्ट क्षेत्र को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया है.
बॉक्स…
इधर यातायात पुलिस ने नियम तोड़ने वालों पर सख्ती जारी रखते हुए एक दिन में 1253 चालान बनाए. इनमें बिना हेलमेट 410, नो पार्किंग 203, नंबर प्लेट 146, रेड लाइट जंप 115, मोबाइल पर बात करते हुए 73 और वन वे उल्लंघन के 79 चालान शामिल हैं. सबसे ज्यादा कार्रवाई जोन-3 में 379 और जोन-4 में 291 चालान के रूप में सामने आई.
