
छतरपुर। बड़ामलहरा नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 15 में सार्वजनिक कुएं पर कथित अवैध कब्जे और उससे उत्पन्न जल प्रदूषण को लेकर स्थानीय नागरिकों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वार्डवासियों का आरोप है कि सार्वजनिक उपयोग के पुराने कुएं को पाटकर उस पर सेप्टिक टैंक का निर्माण कर दिया गया है, जिससे आसपास के बोरवेलों का पानी दूषित हो रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में वार्ड निवासी अजय कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया कि हनुमत चौबे पिता बाबूलाल चौबे निवासी वार्ड क्रमांक 15 ने सार्वजनिक कुएं पर कब्जा कर वहां सेप्टिक टैंक बनवा लिया है। इसके कारण मोहल्ले के बोरवेलों में गंदा पानी आने लगा है, जिससे स्थानीय रहवासी और बच्चे लगातार बीमार पड़ रहे हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में विरोध करने पर गाली-गलौज की जाती है और जान से मारने की धमकी दी जाती है। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति स्वयं को नगर परिषद का कर्मचारी बताकर कार्रवाई से बचने की बात कहता है।
वार्डवासियों का कहना है कि वे पूर्व में एसडीएम, तहसीलदार और नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को भी मौखिक एवं लिखित शिकायतें दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित नागरिकों ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सेप्टिक टैंक हटवाने और दोषी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
