सिवनी: जिले के कुरई थाना अंतर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सोमवार देर शाम कुरई घाट में एक अजीबोगरीब सड़क हादसा हो गया, जब कबाड़ से भरे एक ट्रक की बॉडी अचानक चेसिस से अलग होकर सामने से आ रहे कंटेनर वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जबकि ट्रक भी संतुलन खोकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया, जबकि कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार जबलपुर से नागपुर की ओर जा रहा कबाड़ से लदा ट्रक क्रमांक एमपी 19 एचए 4897 कुरई घाट से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक की बॉडी अचानक चेसिस से निकलकर विपरीत दिशा से आ रहे कंटेनर वाहन क्रमांक एचआर 38 जेड 9286 से जा टकराई। कंटेनर नागपुर से जबलपुर की ओर जा रहा था। अचानक हुई इस घटना से दोनों वाहनों के चालक संभल नहीं सके और दोनों वाहन सड़क पर पलट गए। हादसे की सूचना मिलते ही कुरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुरई थाना के एसआई शैलेंद्र डोंगरे ने बताया कि दुर्घटना में ट्रक चालक सुनील यादव (36 वर्ष) के पैर में चोट आई है। घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए कुरई उप स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका इलाज किया गया।
दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई। पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बाद में क्रेन की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात को सुचारु रूप से बहाल किया जा सका।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक की बॉडी के तकनीकी कारणों से चेसिस से अलग होने की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
