
खरगोन। कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपनी उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर कड़ा विरोध दर्ज किया है। इस निर्णय के खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के बाद जिला कांग्रेस कार्यालय पर प्रेसवार्ता भी आयोजित की गई। यहां कांग्रेस जिला प्रभारी ठाकुर जयसिंह ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। नामांकन निरस्त होना लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय है।
नामांकन पत्र केवल वैधानिक आधारों पर ही निरस्त किया जा सकता है। गैर-गंभीर त्रुटियों के आधार पर नामांकन निरस्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और लोकप्रिय उम्मीदवार का नामांकन बिना किसी ठोस और उचित कारण के निरस्त करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सीधा अपमान है। जयसिंह ने आरोप लगाया कि यह निर्णय निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने इसे सत्ताधारी दल के इशारे पर की गई कार्रवाई बताते हुए मतदाताओं के अधिकारों का हनन बताया। इस दौरान जिला कांग्रेस संगठन महासचिव जितेन्द्र भावसार, जिला उपाध्यक्ष कादर बेग, राजेंद्र सिंह पंवार, राजेश मंडलोई आदि मौजूद रहे।
