
छतरपुर। श्रीलंका यात्रा पर रवाना होने से पहले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धाम क्षेत्र के डेढ़ हजार से अधिक व्यापारियों और व्यवसायियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। करीब तीन माह बाद आयोजित इस बैठक में उन्होंने व्यापारियों से सीधा संवाद करते हुए बागेश्वर धाम को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
बैठक के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि धाम से जुड़े सभी व्यापारी बागेश्वर धाम परिवार का हिस्सा हैं और यह धाम उनका अपना घर है। उन्होंने व्यवसायियों से कर्मचारियों को नियुक्त करने से पहले उनका पुलिस सत्यापन कराने की अपील की, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धाम की गरिमा बनी रहे। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी केवल समिति और प्रशासन की नहीं, बल्कि व्यापारियों की भी है।
पीठाधीश्वर ने व्यापारियों से स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन और सेवा भाव के साथ सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बागेश्वर धाम आने वाले लाखों श्रद्धालु यहां से केवल बालाजी सरकार की महिमा ही नहीं, बल्कि व्यापारियों के सेवाभाव को भी याद लेकर जाएं। बैठक में व्यापारियों ने भी धाम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव दिए और समिति के साथ मिलकर कार्य करने का भरोसा जताया।
इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि यदि कोई उद्योगपति या व्यवसायी बागेश्वर धाम क्षेत्र में बड़े स्तर पर फैक्ट्री स्थापित करना चाहता है, तो बागेश्वर धाम जन सेवा समिति हर संभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
