रतलाम:जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर रतलाम जनपद में सेमलिया ग्राम पंचायत जिले का पहला हाईटेक गांव बन गया है. गांव के चप्पे-चप्पे पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगे हैं. नाइट विजन कैमरे से रात में भी दिन जैसा एहसास होता है. यहाँ सुरक्षा के इंतजाम ऐसे हैं कि चोरों को भी गांव में घुसने से डर लगता है.सरपंच विशाल चौहान ने बताया कि गांव में आए दिन चोरियों हो रही थी.
सरपंचों की बैठक में यह जानकारी मिली थी कि ग्राम पंचायत में शासकीय फंड और जन सहयोग से सीसीटीवी कैमरा लगवा सकते हैं. अब चोरियों को रोकने के लिए रतलाम जनपद में सेमलिया ग्राम पंचायत ऐसी पहली पंचायत है, जहां इतने बड़े स्तर पर हाईटेक सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा व्यवस्था की गई है. सरपंच ने बताया कि पंचायत सचिव और जनपद, जिला पंचायत के सहयोग से गांव में 25 सीसीटीवी कैमरा इनस्टॉल करवाए गए. यह सभी कैमरा नाइट विजन और हाई मलिटी वीडियो रिकॉर्ड करने में सक्षम हैं. इसकी मदद से अब आपराधिक गतिविधि या गांव में होने वाले किसी भी संदिग्ध घटना पर नजर रखी जा सकेगी.
छात्रों को फ्री वाई-फाई सुविधा
ग्राम पंचायत के नवीन भवन में हाईटेक सुविधा उपलब्ध करवाई गई है. सरपंच विशाल चौहान ने बताया कि गांव के होनहार बच्चों को पढ़ाई के लिए यदि इंटरनेट या वाईफाई की आवश्यकता है, तो वह पंचायत भवन में आकर या आसपास रहकर भी निःशुल्क वाईफाई सुविधा का लाभ ले सकते हैं. इंटरनेट के साथ पंचायत भवन में बैठने की भी अच्छी व्यवस्था की गई है. यदि छात्र चाहें तो यहां आकर भी पढ़ाई कर सकते हैं.
