मांडू का जहाज महल बना ब्रिक्स के अतिथियों के लिए आकर्षण केंद्र

मांडू: मांडू का जहाज महल आज ब्रिक्स के अतिथियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया. महल देखते ही डेलिगेट्स बोले- वॉव वेरी ब्यूटीफुल प्लेस एंड क्यूट प्लेस. आदिवासी लोक संस्कृति भगोरिया नृत्य दल ने मादल की थाप कुराट लगाकर नाचते गाते अगवानी की. धार जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीना, और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने मांडू की प्राचीन खुरासानी इमली और बुके देकर आये 180 डेलिकेट का भारतीय अतिथि परंपरा अनुसार कंकू तिलक लगाकर स्वागत किया.

ऐतिहासिक पर्यटन नगरी माण्डू ने आज उस समय वैश्विक पटल पर अपनी अमिट छाप छोड़ी, जब ब्रिक्स प्रतिनिधि मण्डल के अंतर्राष्ट्रीय डेलीगेट्स यहाँ के गौरवशाली इतिहास और स्थापत्य कला से रूबरू हुए. जिला प्रशासन धार द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मापदंडों और कड़े वी.आई.पी. प्रोटोकॉल के तहत आयोजित यह भ्रमण न केवल पूरी तरह सुरक्षित, बल्कि सांस्कृतिक रूप से अत्यंत गरिमामय और ऐतिहासिक रहा. जैसे ही ब्रिक्स देशों का अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधि मण्डल जहाज महल पहुँचा आजीविका समूह की दीदियों ने भारतीय परंपरा के अनुसार अक्षत-तिलक लगाकर और आरती उतारकर विदेशी मेहमानों का आत्मीय स्वागत किया. मुख्य द्वार पर स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए पारंपरिक लोक नृत्यों की ऊर्जा और थाप ने विदेशी मेहमानों को इस कदर मंत्रमुग्ध किया कि वे खुद भी कदम थिरकाने से रोक नहीं पाए.

बाग प्रिंट की वैश्विक गूंज
भ्रमण के दौरान धार जिले की पहचान और विश्व प्रसिद्ध बाग प्रिंट के विशेष स्टॉल्स अंतर्राष्ट्रीय मेहमानों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे. आजीविका समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए गए बाग प्रिंट के वस्त्रों, डिजाइनों और इस पारंपरिक कला की बारीकियों को देखकर प्रतिनिधि मण्डल के सदस्य हैरान रह गए. टूरिस्ट गाइड्स के माध्यम से डेलीगेट्स ने जहाज महल की बेजोड़ वास्तुकला, जल प्रबंधन प्रणाली और माण्डू के वैभवशाली इतिहास को जाना. संध्याकाल में विशेष लाइट एंड साउण्ड शो ने समां बांध दिया. आधुनिक रोशनी और गूंजती ध्वनियों के माध्यम से जब माण्डू का इतिहास जीवंत हुआ, तो पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.

प्रशास ने मुस्तैदी के साथ संभाली व्यवस्थाएं
कलेक्टर राजीव रंजन मीना एवं पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा की सीधी निगरानी, रूट मैनेजमेंट और सुरक्षा चक्र के चलते पूरा वीआईपी प्रोटोकॉल अचूक रहा. इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, एसडीएम राहुल गुप्ता सहित अन्य आला अधिकारी जमीन पर मुस्तैद रहकर व्यवस्थाओं को संभाला.

Next Post

छोटे किसानों की ताकत से बनेगा वैश्विक खाद्य सुरक्षा का भविष्य

Sat Jun 13 , 2026
इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में शुक्रवार को ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों के दो दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ. उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत की कृषि उपलब्धियों, सांस्कृतिक मूल्यों और वैश्विक सहयोग की प्रतिबद्धता को […]

You May Like