
नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र के सेंगवा गांव में बुधवार दोपहर सांप के डसने से एक 45 साल की महिला की मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक, सेंगवा गांव की रहने वाली पार्वती बाई (45), पति लक्ष्मीलाल धाकड़, बुधवार दोपहर अपने खेत पर ज्वार की फसल काट रही थीं। इसी दौरान घास में छिपे सांप ने उनके पैर को डसा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए।
इलाज के दौरान मौत
सांप के डसने के बाद परिजन पार्वती बाई को दोपहर करीब 1:45 बजे जिला अस्पताल नीमच लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और जहर पूरी तरह शरीर में फैल गया था। करीब दो घंटे तक चले इलाज के बाद दोपहर 3:45 बजे पार्वती बाई ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत के बाद जिला अस्पताल की पुलिस चौकी ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिवार वालों को सौंप दिया है।
