इंदौर:शहर में गुम और चोरी हुए मोबाइल की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए इंदौर क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने करीब 50 लाख रुपए कीमत के 230 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए. वर्ष 2026 में अब तक 807 मोबाइल फोन खोजकर वापस किए जा चुके हैं.डीसीपी क्राईम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में क्राइम ब्रांच द्वारा सिटीजन कॉप एप्लीकेशन और केंद्र सरकार के सीईआईआर (संचार साथी) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है. इसी के तहत साइबर सेल टीम ने गुम मोबाइलों को ट्रैक कर उन्हें मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों सहित राजस्थान, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से बरामद किया. बरामद मोबाइलों में आईफोन, वन प्लस, सैमसंग, रेडमी, वीवो, ओप्पो, रियलमी समेत कई महंगे ब्रांड शामिल हैं। कुल 230 मोबाइल में 72 वीवो, 34 ओप्पो, 25 रियलमी, 24 सैमसंग, 19 वन प्लस, 18 रेडमी सहित अन्य कंपनियों के मोबाइल फोन शामिल हैं.
सिटीजन कॉप एप और सीईआईआर पोर्टल से हो रही आसानी
डीसीपी के कहना है कि शहर में सिटीजन कॉप एप और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के प्रति लोगों का रुझान तेजी से बढ़ा है. इस सुविधा से नागरिक घर बैठे गुम या चोरी हुए मोबाइल की शिकायत दर्ज करा रहे हैं, जिससे ट्रैकिंग और रिकवरी में आसानी हो रही है. सिटीजन कॉप एप के जरिए आमजन गुम या चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर सकते हैं, वहीं सीईआईआर पोर्टल पर आईएमईआई नंबर ब्लॉक कर मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की जाती है. पुलिस ने मोबाइल गुम होने पर तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराने और पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने की अपील की है. इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच की साइबर सेल टीम की अहम भूमिका रही, जिसकी सराहना की जा रही है.
