सुठालिया सिंचाई परियोजना में दोहरे मुआवजा मानदंड अन्यायपूर्ण, सभी किसानों को मिले समान अधिकार: लक्ष्मण सिंह

सुठालिया। सुठालिया सिंचाई परियोजना से प्रभावित किसानों की समस्याओं को जानने एवं उनकी मांगों को सुनने के लिए पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने डैम प्रभावित ग्राम रघुनाथपुरा पहुंचे. इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं से रूबरू होते हुए परियोजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी ली.

किसानों को संबोधित करते हुए लक्ष्मण सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में संभवत: यह पहला ऐसा सिंचाई परियोजना क्षेत्र है जहां प्रभावित किसानों को दो अलग-अलग प्रकार का मुआवजा दिया जा रहा है. कुछ किसानों को भूमि अधिग्रहण के बदले चार गुना मुआवजा दिया गया है. जबकि अनेक किसानों को मात्र दो गुना मुआवजा मिला है. इससे प्रभावित किसानों के बीच असमानता एवं अन्याय की स्थिति उत्पन्न हुई है.

उन्होंने कहा कि यदि शासन सभी किसानों को चार गुना मुआवजा देने में असमर्थ है तो जिन किसानों को केवल दो गुना मुआवजा मिला है. उन्हें उपलब्ध सरकारी भूमि में से समान मूल्य की कृषि भूमि प्रदान की जानी चाहिए. अन्यथा सभी प्रभावित किसानों को एक समान चार गुना मुआवजा देकर न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए.

पूर्व सांसद ने कहा कि सरकार को किसानों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक पुनर्विचार करने की आवश्यकता है. डैम निर्माण के कारण अनेक किसान भूमिहीन और बेरोजगार हो गए हैं. ऐसे में उनकी आजीविका का संकट गहरा गया है. यदि सरकार किसानों की जायज मांगों को नहीं सुनेगी तो किसानों के पास आंदोलन का रास्ता अपनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा.

उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने गुना कलेक्टर से भी समय मांगा है ताकि प्रभावित किसानों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा कर समाधान का मार्ग निकाला जा सके.

रघुनाथपुरा में किसानों से चर्चा के उपरांत लक्ष्मण सिंह ग्राम कादीखेड़ा पहुंचे जहां उन्होंने मनोहर लोधी के निवास पर पहुंचकर उनके 14 वर्षीय पुत्र विशाल लोधी के आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया. ज्ञात हो कि हाल ही में आई चक्रवाती वर्षा के दौरान मकान की दीवार ढह जाने से विशाल की मृत्यु हो गई थी. लक्ष्मण सिंह ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं राहत प्रदान करने की मांग की.

इस अवसर पर सुठालिया सिंचाई परियोजना का प्रशासनिक अमला, भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के पदाधिकारी तथा प्रभावित ग्राम रघुनाथपुरा, कादीखेड़ा, तेजाखेड़ी, गुर्जरखेड़ी सहित अन्य गांवों के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे.

Next Post

बाजार ने ली नई शक्ल, अब बना ग्राहक-प्रधान

Tue Jun 9 , 2026
ग्वालियर। जेसीआई ग्वालियर की पंचम कार्यकारिणी सभा एवं कपल ट्रेनिंग रिमार्केबल का आयोजन किया गया जिसमें मुकेश थिरानी नेशनल ट्रेनर, एक्सेल ग्रेजुएट जेसीआई द्वारा ऐसा अनुभव जो लोगों को याद रहे, को आधार बनाकर शानदार ट्रेनिंग दी गई। ट्रेनिंग में बताया गया कि आज हम ग्राहक-प्रधान बाजार में कार्य कर […]

You May Like