
दमोह। अपनी लंबित मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार को सातवें दिन भी जारी रही। हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने शासन-प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए अनूठा विरोध प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने सांकेतिक रूप से भैंस के आगे बीन बजाकर गतिविधि का आयोजन कर अपना विरोध जताया। इस दौरान कर्मचारियों का कहना था कि लगातार ज्ञापन, आंदोलन और शांतिपूर्ण विरोध के बाद भी उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है.आंदोलनरत कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से न्यायोचित मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है।
आंदोलन स्थल पर सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर भगवान से प्रार्थना की कि शासन-प्रशासन को सद्बुद्धि मिले और संविदा कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों का शीघ्र निराकरण हो।
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर सार्थक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी.
