
इंदौर. चोइथराम मंडी क्षेत्र में हाल ही में हुई चाकूबाजी की घटनाओं के बाद पुलिस ने विशेष ऑपरेशन चलाकर 100 से अधिक लोगों को पकड़ा. इनमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल थे, जिन्हें समझाइश देकर छोड़ा, जबकि असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
चोइथराम मंडी क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जोन-1 के पुलिस उपायुक्त नरेंद्र सिंह रावत के निर्देश पर राजेंद्र नगर पुलिस ने अतिरिक्त बल के साथ ऑपरेशन चलाया. देर रात किए गए इस अभियान के दौरान मंडी क्षेत्र में सघन चेकिंग की गई. पुलिस टीम ने चाय की दुकानों और देर रात तक खुले रहने वाले ढाबों की जांच की और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की. मंडी में माल लेकर आने वाले ट्रालों के चालकों की भी जांच की गई, जिसमें 8 चालकों के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने के मामले दर्ज किए. कार्रवाई के दौरान मंडी क्षेत्र में घूम रहे 100 से अधिक लोगों को पुलिस ने पकड़ा, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल थे. छात्रों को समझाइश देकर छोड़ दिया, जबकि संदिग्ध और असामाजिक तत्वों को हिरासत में लेकर राजेंद्र नगर थाने भेजा, जहां उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
