रायपुर, 26 दिसंबर ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज अदालत में अंतिम चालान पेश कर दिया है। ईडी द्वारा प्रस्तुत यह चार्जशीट लगभग 29 हजार 800 से अधिक पन्नों की है, जिसमें 80 से अधिक आरोपियों को नामजद किया गया है।
यह चालान सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में अदालत में दाखिल किया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, अंतिम चार्जशीट प्रस्तुत होने के बाद अब इस बहुचर्चित मामले में न्यायिक ट्रायल की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू होगी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाला राज्य के सबसे बड़े आर्थिक अपराधों में से एक माना जा रहा है, जिसकी जांच लंबे समय से ईडी द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान कई अहम दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और वित्तीय लेन-देन सामने आए हैं।
अंतिम चालान पेश किए जाने के बाद अब सभी आरोपियों की भूमिका पर अदालत में सुनवाई होगी और मामले का कानूनी भविष्य ट्रायल के दौरान तय किया जाएगा।
