
इंदौर. भंवरकुआ थाना क्षेत्र में पान दुकान का टीन शेड तोड़कर चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. करीब 4 लाख रुपए का चोरी गया सामान बरामद किया है, जबकि एक नाबालिग बालक को भी पकड़ा है.
थाना प्रभारी संतोष दूधी ने बताया कि शनिवार देर रात को खंडवा नाका स्थित कर्णावत पान दुकान का टीन शेड तोड़कर दो अज्ञात बदमाशों ने सिगरेट के डिब्बे, गुटखा पाउच, लाइटर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था. पुलिस टीम ने करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की. इसके बाद जीतू उर्फ राइडर पिता सुदामा पारे उम्र 19 साल निवासी कमल नगर मूसाखेड़ी को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया. आरोपियों के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की सिगरेट, गुटखा पाउच, लाइटर सहित चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपए है. आरोपी जीतू पूर्व से आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई प्रकरण दर्ज हैं. अन्य मामलों में भी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे और खुलासे होने की संभावना है.
