
रीवा बिछिया थाना क्षेत्र के महाजन टोला में शनिवार को मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बिजली मीटर का तार काटने की शिकायत से नाराज भतीजे ने अपने चाचा और चाची पर चाकू से हमला कर दिया। घायल पति-पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महाजन टोला निवासी उमेश साकेत ने अपने रिश्तेदार के घर लगे बिजली मीटर का तार काटे जाने की शिकायत आरोपी चाहत साकेत के पिता से की थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। शिकायत से नाराज चाहत साकेत मौके पर पहुंचा और विवाद करने लगा।
बहस के दौरान आरोपी चाहत ने चाकू निकालकर चाचा उमेश साकेत पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने आई उमेश की पत्नी सीमा साकेत पर भी चाकू से हमला किया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर बिछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर आरोपी चाहत साकेत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी के अनुसार घायलों का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में विवाद की जड़ मीटर के तार काटने की शिकायत ही सामने आई है।
