पुलिस के हत्थे चढ़ा चंदन पेड़ चोर गिरोह

सतना : जिले भर में चंदन के पेड़ काटकर चुरा ले जाने की बढ़ रही घटनाओं के बीच नागौद थाने की पुलिस ने गिरोह को गिरफ्तार करने का दावा किया है. पकड़े गए गिरोह के सदस्यों में 3 महिलाएं व 1 नाबालिग आरोपी शामिल है. इसी कड़ी में पुलिस द्वारा 24 नग चंदन की लकड़ी के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त आरी और बाइक भी बरामद कर ली है.नागौद थाना प्रभारी अशोक पाण्डेय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खैरा में दबिश दी. जहां पर कुछ अरूयत व्यक्ति डेरा डालकर बैठे हुए थे.

डेरे की जांच करने पर 3 महिलाएं अपने बच्चे के साथ बैठी मिलीं और एक व्यक्ति नजर आया. पुलिस को देखते ही वे भागने लगे. जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया. पूछताछ करने पर पकड़े गए आरोपियों की पहचान ईजुब पारदी 20 वर्ष, श्रीमती मकौआ पति ईजुब पारदी 19 वर्ष, श्रीमती अक्सेना उर्फ गुलगुली पति अकौन 22 वर्ष, चमरा उर्फ राजू पारदी 23 वर्ष सभी निवासी पटेहरा कटनी, श्रीमती डई पति चिलटू पारदी 30 वर्ष निवासी देवरी मंडला के  तौर पर हुई. जबकि छठवां आरोपी नाबालिग निकला. आरोपियों के कब्जे से 24 नग चंदन की लकड़ी के टुकड़े बरामद किए गए. जिसकी कीमत 1 लाख रु आंकी गई. इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त आरी और बाइक भी बरामद कर ली गई.

 रुद्राक्ष की माला बेचने का बहाना

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कहीं पर भी डेरा डालकर रह जाते थे. दिन के समय एक ओर जहां वे रुद्राक्ष की माला बेचते थे तो वहीं दूसरी ओर आस पास लगे चंदन के पेड़ों की रेकी भी करते थे. रात होने पर वे आरी से चंदन के पेड़ काटकर बाइक पर लाद लेते और अपने डेरे में ले जाते. जहां पर महिलाएं चंदन की लकड़ी को काट-छील कर बना लेतीं. आरोपियों ने बताया कि रामपुर बघेलान में 1, सिंहपुर में  3, बाबूपुर में 1, अमरपाटन में 1 और नागौद के कचलोहा क्षेत्र में 2 बार चंदन के पेड़ काटकर चोरी की थी.

Next Post

जेईई एडवांस में रिद्धेश बेंडाले रहे जोनल टॉपर

Tue Jun 2 , 2026
इंदौर: आईआईटी रुड़की द्वारा आज जेईई एडवांस्ट के 2026 का परिणाम घोषित किये गए. इसमें शहर के दो छात्रों ने टॉप 100 में जगह बनाई. रिद्धेश बेंडाले ने ऑल इंडिया रैंक-18 हासिल की और जोनल व प्रदेश के टॉपर रहे. वहीं पार्थ माहेश्वरी ने ऑल इंडिया रैंक 55 हासिल की. […]

You May Like