जबलपुर: पेट्रोल पंप बेचने के नाम पर जालसाजों ने अनुबंध तय कर 88 लाख रूपए ऐंठ लिए और बाद में वही पेट्रोल पंप किसी तीसरे व्यक्ति को बेच दिया। अधारताल पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक विशाल जैन (36) निवासी सुहागी, अधारताल को दीपिका सिंह राजपूत और अनिकेत सिंह ने कुसली कटंगी रोड स्थित पेट्रोल पंप बेचने के लिए उनसे संपर्क किया था। सौदे की कुल कीमत 80 लाख रुपये निर्धारित की गई थी। इसके बाद 26 मार्च 2025 को बाकायदा एक कानूनी अनुबंध पत्र भी तैयार कराया गया था। समझौते के तहत पूरी रकम मिलने पर पेट्रोल पंप विशाल जैन के नाम ट्रांसफर किया जाना था। विशाल ने आरोपियों पर भरोसा करते हुए तय राशि से अधिक, यानी कुल 88 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। यह पूरी ट्रांजैक्शन आरटीजीएस , बैंक चेक और यूपीआई के माध्यम से किया गया।
किसी और को बेच दिया पंप, नहीं लौटाई रकम
पैसे हड़पने के बाद भी आरोपियों ने पेट्रोल पंप विशाल के नाम ट्रांसफर नहीं किया। दिसंबर 2025 में पीडि़त को गहरा झटका लगा जब उसे पता चला कि आरोपियों ने वह पेट्रोल पंप किसी तीसरे व्यक्ति को बेच दिया है, जो वर्तमान में उसका संचालन भी कर रहा है। जब विशाल ने अपने 88 लाख रुपये वापस मांगे, तो आरोपी पिछले 5 महीनों से पैसे लौटाने में टालमटोल करते रहे। आखिरकार 31 मई 2026 को पीडि़त विशाल जैन ने अधारताल थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले में आरोपी दीपिका सिंह राजपूत और अनिकेत सिंह के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
