
भोपाल। तलैया थाना पुलिस बड़े तालाब के पानी में तैरते मिली युवती के मौत की जांच में जुटी है. युवती के शरीर पर चोट के निशान होने की बात भी सामने आई है. हालांकि सोमवार को पीएम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस जांच को आगे बढ़ाएगी. मामले में युवती के परिजनों ने लव जिहाद, दुष्कर्म और जबरन धर्मांतरण करवाने का आरोप लगाया है. परिजनों ने युवती की हत्या की आशंका भी जाहिर की थी. इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि युवती के शरीर पर जो चोट के निशान पाए गए हैं. संभव है कि वह उसकी मौत के पहले के हैं. इसकी जांच भी फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो पाएगी. बता दें कि बैरागढ़ इलाके में रहने वाली 18 साल की युवती का शव शुक्रवार को बड़े तालाब में तैरता मिला था. युवती अपने दो दोस्तों के साथ यहां घूमने आई थी और फोन पर किसी से बात कर रही थी. दोस्तों ने कुछ देर बाद शव को पानी में तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी. युवती के परिजनों ने श्यामला हिल्स थाने में युवती की तरफ से करीब एक साल पहले दर्ज कराए गए प्रकरण की जानकारी पुलिस को दी है. युवती उस समय नाबालिग थी और आरोपी शाहरुख, जावेद उर्फ भव्यू, फैजान और उसकी पत्नी जोया के खिलाफ सुनियोजित ढंग से लव जिहाद और दुष्कर्म का शिकार बनाने का केस दर्ज कराय गया था. मामला कोर्ट में विचाराधीन है और आरोपी जमानत पर बाहर हैं. तलैया पुलिस मामले की कार्रवाई में जुटी है.
