
सिवनी। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को सप्ताहांत में मौसम ने बड़ी राहत दी, लेकिन यह राहत कई इलाकों में नुकसान की वजह भी बन गई। शनिवार दोपहर प्री-मानसून गतिविधियों के चलते मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी, गरज-चमक, बारिश तथा ओलावृष्टि ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
जनपद पंचायत केवलारी की उगली उपतहसील और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवाओं का व्यापक असर देखने को मिला। ग्राम पंचायत खामी सहित कई गांवों में बिजली के तार टूट जाने से रातभर विद्युत आपूर्ति ठप रही। अंधेरे में रात बिताने को मजबूर ग्रामीणों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा।
तूफान के दौरान महुआ, नीम, जामुन सहित अनेक बड़े पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे कई मार्ग अवरुद्ध हो गए और आवागमन प्रभावित हुआ। ओलावृष्टि और तेज हवाओं से खेतों में खड़ी मूंग, मक्का तथा अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार कई पेड़ों की पत्तियां झड़ गईं और फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
आंधी का असर मकानों पर भी दिखाई दिया। कई घरों की कवेलू और टीन की चादरें उड़ गईं, जबकि कुछ मकानों की छतें क्षतिग्रस्त हो गईं। बारिश का पानी घरों में घुसने से घरेलू सामान भी खराब हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय के लिए हालात प्राकृतिक आपदा जैसे प्रतीत हो रहे थे।
हालांकि बारिश से मौसम सुहावना हुआ है, लेकिन किसानों और प्रभावित परिवारों की चिंताएं बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित लोगों को राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी तेज हवा, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। रविवार को भी क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।
