ग्वालियर:ठाटीपुर थाना क्षेत्र में एक मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शराब की लत और पारिवारिक विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। मृतक की पहचान विक्रम नरवरिया पुत्र मदनलाल नरवरिया के रूप में हुई है। विक्रम मजदूरी करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से उसे नियमित रोजगार नहीं मिल रहा था। परिजनों के मुताबिक वह लंबे समय से शराब पीने का आदी था और अक्सर शराब के लिए परिवार के सदस्यों से पैसे मांगता था।
विक्रम ने अपने पिता से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद विक्रम गुस्से में अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। जब परिवार के सदस्य उसे देखने पहुंचे तो विक्रम कमरे में फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही ठाटीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची है।
