छतरपुर:राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सरबई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले 4 से 5 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने का मामला सामने आया है। बिजली व्यवस्था बाधित होने के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इस बीच स्टाफ नर्स अनीता अहिरवार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह अस्पताल में बिजली न होने से मरीजों और प्रसव सेवाओं में आ रही परेशानियों को बता रही हैं।
वीडियो में नर्स ने दावा किया कि स्वास्थ्य केंद्र में लगातार बिजली न रहने के कारण प्रसव जैसी गंभीर सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और कर्मचारियों को टॉर्च की रोशनी में काम करने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका है।
स्वास्थ्य केंद्र में बिजली न होने से मरीजों और उनके परिजनों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में अस्पताल में अंधेरा और बिजली संकट ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
