
छतरपुर। शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब अपोलो क्रॉस स्थित डोमिनोज आउटलेट के बाहर खड़ी डिलीवरी में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रिक स्कूटियों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मौके पर खड़ी आठ इलेक्ट्रिक स्कूटियां धू-धू कर जलने लगीं। आग के दौरान बैटरियों में हुए तेज धमाकों से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि स्कूटियां चार्जिंग पर लगी थीं या उनमें तकनीकी खराबी के चलते अचानक चिंगारी उठी, जिसके बाद लिथियम-आयन बैटरियों ने तेजी से आग पकड़ ली। एक के बाद एक बैटरियों में हुए धमाकों ने आग को और भयानक बना दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से डोमिनोज आउटलेट और आसपास की दुकानों तक आग नहीं फैल सकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस अग्निकांड में डोमिनोज कंपनी को लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
