इंदौर: शहर में व्यापारियों को धमकाने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर क्राइम ब्रांच ने बड़ा प्रहार करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है. आरोपी गिरोह के लिए हथियार उपलब्ध कराने, फायरिंग कराने और रेकी के लिए लड़कों की व्यवस्था करता था.क्राइम ब्रांच की एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल सिंह राठौर उम्र 34 साल निवासी ग्राम बिंजाना, जिला देवास को पकड़ा. उससे पहले गिरफ्तार आरोपी राजपाल चंद्रावत से पूछताछ में उसका नाम सामने आया था, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया. जांच में सामने आया है कि आरोपी गिरोह का सक्रिय समन्वयक था. वह इंदौर के व्यापारियों और व्यवसायियों के घर व कार्यालयों की रेकी कराता था और गैंग से जुड़े लोगों के बीच संपर्क बनाए रखता था. साथ ही मुख्य आरोपी को हथियार उपलब्ध कराने और फायरिंग के लिए लड़कों की व्यवस्था भी करता था.
और गिरफ्तारियां होगी : डीसीपी
क्राइम ब्रांच डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि गैंग के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है. आरोपियों से पूछताछ में और महत्वपूर्ण जानकारियां मिल रही हैं. जल्द ही मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं. आरोपी पर एसटीएफ द्वारा 15 हजार और क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था. उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है. मामले में थाना अपराध शाखा इंदौर में दो प्रकरण दर्ज हैं. आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना है. ज्ञात हो कि इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें राजपाल चंद्रावत, सोनू उर्फ रितेश खंगार, सचिन उर्फ वेद प्रकाश शर्मा, नाना उर्फ रोहित बर्रा और कुलदीप शामिल हैं.
