
भोपाल। ट्विशा शर्मा मौत मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को शुक्रवार को भोपाल की सीबीआई अदालत में पेश किया। दोनों आरोपियों को गुरुवार को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया था। जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत निरस्त होने के बाद CBI ने कार्रवाई करते हुए करीब सात घंटे तक पूछताछ की और इसके बाद दोनों को हिरासत में ले लिया। शुक्रवार सुबह मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया।
सीबीआई ने अदालत से दोनों आरोपियों की पांच दिन की रिमांड मांगी है, ताकि मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं और साक्ष्यों की गहन जांच की जा सके। ट्विशा शर्मा मौत प्रकरण में गिरिबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना के आरोप हैं। वहीं उनका बेटा समर्थ सिंह, जो ट्विशा का पति है, इस मामले में सह-आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है।
