सतना। जिले के नागौद थाना क्षेत्र के ललचहा मोड़ के पास रविवार दोपहर दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। पैसे के लेन-देन के विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान घनश्याम कुशवाहा, निवासी सेमरावरा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात घनश्याम का उसके दोस्त प्रिंस यादव के साथी अभिलाष लोधी से पैसों को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसमें अभिलाष ने घनश्याम को थप्पड़ मार दिया था।
रविवार को घनश्याम को उसके साथी राणा ने फोन कर बताया कि प्रिंस यादव पिस्टल लेकर उसे ढूंढ रहा है। घनश्याम जैसे ही ललचहा मोड़ पहुंचा, आरोप है कि प्रिंस यादव ने पहले गाली-गलौज की, फिर हवाई फायर किया और इसके बाद घनश्याम पर दो गोलियां चला दीं। एक गोली बगल से निकल गई, जबकि दूसरी गोली उसके पैर में लग गई।
आरोपी फरार
घटना के बाद घायल को पहले सिविल अस्पताल नागौद ले जाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। नागौद पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर आरोपी प्रिंस यादव की तलाश शुरू कर दी है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
हत्याकांड से जुड़े तार
इस फायरिंग का कनेक्शन 5 मार्च को बरा पत्थर में हुए हत्याकांड से भी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रिंस यादव, बरा पत्थर हत्याकांड के मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव का साथी है, जबकि घायल घनश्याम मृतक अभय यादव के छोटे बेटे राजा का दोस्त है।
