भोपाल: सीएम डॉ मोहन यादव ने बुधवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मध्यप्रदेश में पर्यटन, संस्कृति और विरासत संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर केंद्र सरकार के सहयोग की अपेक्षा जताई।
उन्होंने मध्यप्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में विरासत, वन्यजीव, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।बैठक में प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास, सांस्कृतिक आयोजनों के विस्तार तथा केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री ने राज्य में निवेश और रोजगार सृजन में पर्यटन क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया।दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई इस मुलाकात को प्रदेश के पर्यटन और सांस्कृतिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
