
भोपाल। कलेक्टर कार्यालय मे मंगलवार को जनसुनवाई का नजारा ही बदला हुआ था. जहां पिछले जनसुनवाई में आवेदक पीने के पानी के लिए तरसते रहे थे और भीषण गर्मी में लू के थपेड़ों में सुनवाई के लिए अपने नंबर का इंतजार करते हुए देखे गए थे. नवभारत में शीर्षक जनसुनवाई की हकीकत : अधिकारी एसी में, जनता लू के थपेड़ों में के साथ प्रकाशित किया गया था. इस समाचार के बाद कलेक्टर ने जनता के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुए 26 मई को तीन कूलर और ठंडे पानी के लिए वाटर कूलर के अलावा अलग से पानी के केम्पर भी रखवाए. जिससे जनता को राहत मिली और इस व्यवस्था को जनता ने भी सराहा. इस व्यवस्था से कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सामाजिक सरोकार के लिए संदेश दिया है कि अगर जनता की मूलभूत व्यवस्थाओं में कमी है तो उसे दूर किया जाना चाहिए. यही कलेक्टर का प्रथम दायित्व है.
कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई की गई जिसमें 181आवेदन आए. इन आवेदनों कर सुनवाई कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में एडीएम सुमित पांडे, सीईओ जिला पंचायत इला तिवारी, एडीएम अंकुर मेश्राम, प्रकाश नायक एवं पीसी शाक्य ने की. सीईओ जिला पंचायत इला तिवारी, एडीएम पांडेय ने जनसुनवाई में आए हर एक आवेदक से धैर्यपूर्वक उनकी समस्याओं पर चर्चा की और उन्हें उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन भी दिया. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशील रूख अपनाते हुए निराकरण करने के निर्देश दिए. उन्होंने आवेदकों की समस्याओं पर संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए.
