चार साल बाद दिल्ली में पेट्रोल 100 रुपये के पार

नयी दिल्ली, 25 मई (वार्ता) पश्चिम एशिया संकट के बीच तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम एक बार फिर बढ़ा दिये हैं और दिल्ली में चार साल बाद पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है।

देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से गैर-ब्रांडेड यानी सामान्य पेट्रोल 2.61 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। अब इसकी कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर हो गयी है। सामान्य डीजल भी अब 95.20 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। इसकी कीमत में 2.71 रुपये का इजाफा किया गया है।

दोनों जीवाश्म ईंधनों का यह 21 मई 2022 के बाद का उच्चतम स्तर है। इस साल 15 मई से अब तक चार बार में दिल्ली में पेट्रोल 7.35 रुपये और डीजल 7.53 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है। इनके दाम 30 अक्टूबर 2024 के बाद गत 15 मई को पहली बार बढ़ाये गये थे।

दिल्ली में इंडियन ऑयल के प्रीमियम पेट्रोल एक्सपी95 की कीमत भी 2.61 रुपये बढ़कर 109.24 रुपये और प्रीमियम डीजल एक्सजी की कीमत 2.71 रुपये बढ़कर 100.52 रुपये प्रति लीटर हो गयी है।

कोलकाता में पेट्रोल 2.87 रुपये और चेन्नई में 2.46 रुपये महंगा हुआ है। दोनों शहरो में इसकी नयी कीमत क्रमशः 113.51 रुपये और 107.77 रुपये प्रति लीटर हो गयी है।

डीजल कोलकाता में 2.80 रुपये और चेन्नई में 2.57 रुपये बढ़कर क्रमशः 99.82 रुपये और 99.55 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।

अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में ठोस प्रगति के बाद अंतर्राष्ट्रीय बाजार में आज कच्चे तेल के दाम में चार प्रतिशत से ज्यादा गिरावट देखी गयी है। कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया है।

गत 28 फरवरी को शुरू हुए पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति बाधित होने से कच्चे तेल की कीमत में उछाल आया है। इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास था।

Next Post

कनाड़िया तालाब जीर्णोद्धार कार्यों का आयुक्त द्वारा निरीक्षण

Mon May 25 , 2026
इंदौर:आज जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शहर के कनाड़िया तालाब जीर्णोद्धार कार्यों का आयुक्त ने मौका निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान बारिश में तालाब में पानी आने वाली चैनल से बाधक हटाने और तालाब की जलभराव क्षमता बढ़ाने का कार्य जल्दी पूरा करने के निर्देश दिए.निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल […]

You May Like