सूदखोरी पर एक्शन आरसीएम का संचालक गिरफ्तार

अनूपपुर। गरीब व जरूरतमंदों का ब्‍याज के नाम पर शोषण किया जाकर कर्ज देने के नाम पर उनसे मोटर सायकल, कार एवं सोना-चांदी के जेवर गिरवी रखते हुए मूल रकम से कई गुना ब्याज वसूला जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही की है। कर्ज के नाम पर सूदखोरी कर ब्‍याज वसूलकर शोषण करने की शिकायत पर वार्ड क्रमांक 14 चेतना नगर में संचालित आरसीएम दुकान के संचालक सुरेश सिह पंवार के दुकान एवं घर में दबिश देते हुए 37 पीड़ित कर्जदारों के कोरे चेक, कर्ज लिये जाने के संबंध में शपथ पत्र के साथ आरोपी के घर से कर्जदारो की खड़ी कराई गई 6 बाइक एवं 1 कार को जप्त किया है। जप्त रिकार्ड के अनुसार करीब 57 लाख 48 हजार की राशि ब्याज में आरोपी सूदखोर के द्वारा वसूली की जा चुकी थी।

यह है मामला

सूदखोरी कर ब्याज वसूलकर शोषण किये जाने की शिकायत शिवदास राठौर पिता तुलसीदास राठौर उम्र करीब 28 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 1 सामतपुर द्वारा पुलिस अधीक्षक अनूपपुर से की गई। शिकायत में बताया गया कि आर्थिक तंगी के चलते मजबूरीवश उसने चेतना नगर स्थित आरसीएम दुकान के संचालक सुरेश सिह पंवार से अक्टूबर 2022 में पचास हजार रूपये का कर्ज लिया था, जिसके बदले सुरेश सिंह पंवार ने कोरे चेकों पर हस्ताक्षर कराकर ले लिया था, अब तक उसने 95 हजारू रूपये देने के बाद भी मूलधन 50 हजार रूपये बकाया होना कहकर डराया धमकाया जाता है। साथ में बैंक चेक को न्यायालय में लगाकर कोर्ट से नोटिस भी करा दिया है। जिसके बाद पुलिस ने सूदखोर सुरेश सिह पंवार पिता जयकरण सिहं पंवार उम्र 52 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 14 चेतना नगर के खिलाफ धारा 420 भादवि. 3,4 म.प्र. ऋणियो का संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाकर मामले को विवेचना में लिया गया।

वहीं दूसरे मामले में श्यामसुन्दर मिश्रा पिता स्व. शिवप्रसाद मिश्रा उम्र 48 वर्ष निवासी वार्ड 9 बाबा कालोनी अनूपपुर द्वारा थाना कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि कोरोना महामारी के समय आर्थिक तंगी के चलते वर्ष 2021 में आरसीएम दुकान के संचालक सुरेश सिह पंवार से 5 लाख रूपये का कर्जा लेकर अपने बैंक के कोरे चेक रख दिये थे, जो अब तक 7 लाख 50 हजार रूपये व्याज देने के बाद भी मूलधन 5 लाख रूपये बकाया होना बताकर परेशान किया जा रहा है।

सूदखोर से एसपी ने स्‍वयं की पूछताछ

पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान द्वारा गुरुवार की रात्रि थाना कोतवाली अनूपपुर पहुंचकर गिरफ्तार आरोपी सुरेश सिह पंवार से स्वयं पूछताछ की गई। आरोपी सूदखोर ने कोरोना महामारी को आपदा का अवसर बनाकर अपना सूदखोरी का काम किया गया। जांच में पाया गया कि आरोपी द्वारा कोराना महामारी के समय कई लोगो का व्यापार एवं काम ठप्‍प हो जाने पर उनकी मजबूरी एवं परेशानियां का लाभ उठाकर दो गुना ब्याज दर पर लोगों को कर्जा दिया, जिसके बदले में उनकी बाइक, कार सहित सोना – चांदी के जेवर गिरवी रखवाया जाकर ब्याज वसूला जाने लगा, जप्त रिकार्ड के अनुसार लगभग 57 लाख 48 हजार की राशि ब्याज में आरोपी सूदखोर द्वारा अब तक वसूली जा चुकी है। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि जो भी नागरिक इस तरह के कर्ज एवं ब्याज के जाल में फंसकर सूदखोरों से परेशान चल रहे हो वे अपनी परेशानी को बिना छिपाये सूदखोरो के खिलाफ कानूनी कार्यवाही हेतु पुलिस की मदद लें।

Next Post

पहलगाम की घटना के विरोध में बजरंग दल ने किया पैदल मार्च, पुतला फूंका

Fri Apr 25 , 2025
भोपाल। बजरंग दल ने आज पहलगाम में हुई आतंकी घटना के विरोध में बोर्ड ऑफिस से ज्योति टॉकीज तक पैदल मार्च निकाला और फिर वापस बोर्ड ऑफिस चौराहे पर लौट कर पुतला दहन किया। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like