
भोपाल। सड़क पर लिफ्ट नहीं देने पर बाइक सवार युवक की बेल्ट से पिटाई करते हुए आरोपियों ने चाकू मारकर हमला कर दिया. आरोपियों के खिलाफ खजूरी सड़क थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाश करने में जुटी है.
जानकारी के मुताबिक माखन अहिरवार (26) निवासी ग्राम तूमड़ा किसान है. माखन के साथ तीन दिन पहले रात के समय घटना हुई. गांधी नगर स्थित ससुराल जाने के लिए माखन अपनी बाइक से रात में निकला. राजीव नगर टपरा के पास जब वह पहुंचा. इस दौरान एक युवक ने उसे हाथ देकर लिफ्ट मांगने की कोशिश की. माखन ने उसे लिफ्ट देने से मना कर दिया. इस पर वह युवक भड़का और उसने अपने साथियों को बुलाकर माखन की बेल्ट से पिटाई करनी शुरू कर दी. इसी दौरान एक युवक ने माखन पर चाकू से हमला कर दिया और सभी आरोपी मौके से भाग निकले. राहगीरों की मदद से माखन को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बयान लेते हुए आरोपी राजू, राज, अखिलेष, मुकेश और अभिषेक पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. पुलिस की छापेमारी के दौरान आरोपी अपने ठिकानों पर भी नहीं मिले. सभी आरोपियों की तलाश में खजूरी सड़क थाना पुलिस जुटी है.
