
सौसर। साईखेड़ा मार्ग पर स्थित रायसोनी यूनिवर्सिटी रोड के टर्निंग पर शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रेमंड कंपनी के श्रमिकों को ले जा रहे एक निजी ‘गामा’ वाहन पर अज्ञात तत्वों द्वारा हमला किया गया। शुरुआत में इस घटना में गोली चलने की अफवाह उड़ी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस प्राथमिक तौर पर इसे पत्थरबाजी का मामला मान रही है।
शाम 4 बजे की घटना, एक श्रमिक घायल
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे रेमंड कंपनी की शिफ्ट खत्म होने के बाद एक निजी गामा वाहन श्रमिकों को लेकर पांढुरना की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन रायसोनी यूनिवर्सिटी रोड के टर्निंग पर पहुंचा, अचानक उस पर हमला हो गया। औचक रूप से हुए हमले में वाहन में सवार एक श्रमिक को मामूली चोट आई है।
गोली या पत्थर? आर्म्स टीम करेगी तसदीक
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए लोधीखेड़ा पुलिस बारीकी से मामले की जांच कर रही है। हालांकि शुरुआती जांच में मामला पत्थरबाजी का लग रहा है, लेकिन पुलिस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। टीआई एबी मर्सकोले ने नवभारत से चर्चा में बताया कि
प्राथमिक तौर पर यह पत्थर चलने का मामला सामने आया है। फिर भी,गोली है या पत्थर, इस बात की पूरी तरह तसदीक करने के लिए आर्म्स टीम की मदद ली जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
