वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करेंगे भारत-अमेरिका, अमेरिकी विदेश मंत्री से मुलाकात के बाद बोले पीएम मोदी

नयी दिल्ली 23 मई (वार्ता) भारत यात्रा पर आये अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने भारत -अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी तथा क्षेत्रीय और वैश्विक शांति से जुड़े मुद्दों पर बात की।

श्री रूबियो ने श्री मोदी को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से अमेरिका आने का निमंत्रण दिया। मुलाकात के दौरान भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद थे।

श्री मोदी ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि भारत और अमेरिका मिलकर वैश्विक भलाई के लिए काम करते रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा , “अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का स्वागत करके मुझे खुशी हुई। हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में लगातार हो रही प्रगति और क्षेत्रीय तथा वैश्विक शांति तथा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। भारत और अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”

प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि श्री रूबियो ने प्रधानमंत्री को रक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकी, व्यापार और निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में लगातार हो रही प्रगति के बारे में जानकारी दी। विदेश मंत्री ने पश्चिम एशिया की स्थिति सहित विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर अमेरिका का दृष्टिकोण साझा किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों के लिए भारत के लगातार समर्थन की बात दोहराई और बातचीत तथा कूटनीति के ज़रिए संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान की अपील को फिर से दोहराया।

श्री गोर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा ,” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बैठक के लिए विदेश मंत्री के साथ शामिल होकर बहुत अच्छा लगा। हमने सुरक्षा, व्यापार और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में अमेरिका-भारत सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर सार्थक चर्चा की। ये ऐसे क्षेत्र हैं जो हमारे दोनों राष्ट्रों को मजबूत करते हैं और एक स्वतंत्र व खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को आगे बढ़ाते हैं। भारत, संयुक्त राज्य अमेरिका का एक अत्यंत महत्वपूर्ण साझेदार है।”

श्री गोर ने कहा कि श्री रूबियो ने श्री मोदी को राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से अमेरिका आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा ,” सेक्रेटरी मार्को रूबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को निकट भविष्य में व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया है।

क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत यात्रा पर आये श्री रूबियो शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे थे। इसके बाद वह आज दोपहर ही यहां पहुंचे। श्री रूबियो विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर के साथ रविवार को द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

Next Post

सागर में जल संकट पर मंत्री की दो टूक: दफ्तर छोड़ फील्ड में उतरें इंजीनियर, लापरवाही पर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

Sat May 23 , 2026
सागर। जनता को पानी देने के मामले में कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी। अधिकारी और इंजीनियर दफ्तरों से बाहर निकलें और खुद मौके पर जाकर ठेकेदारों से काम कराएं। यह सख्त निर्देश खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने आज सागर के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा […]

You May Like