सदन ने दी दिवंगतों को श्रद्धांजलि

भोपाल, 01 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा में आज दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद दिवंगतों के सम्मान में सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित की गई।

विधानसभा के मानसून सत्र की आज ही शुरुआत हुई। सदन की कार्यवाही शुरु होते ही अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने निधन का उल्लेख करते हुए पूर्व विधायक हर्ष सिंह, चंद्रप्रभाष शेखर, विजय दुबे, मकसूदनलाल चंद्राकर, शांतिलाल बिलावल, बेनी परते, जसवंत सिंह राठौर, मदनलाल त्यागी, विट्ठलराव महाले, उत्तरप्रदेश के पूर्व राज्यपाल डॉ अजीज कुरैशी, भूतपूर्व लोकसभा अध्यक्ष डॉ मनोहर जोशी और जैन संत आचार्यश्री विद्यासागर महाराज के निधन का उल्लेख करते हुए सभी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही आतंकी हमलों में मारे गए राज्य के शहीद जवानों और डिंडोरी जिले के शहपुरा में 28 फरवरी को हुए हादसे में मृत व्यक्तियों को भी श्रद्धांजलि दी गई।

अपने श्रद्धांजलि संदेश में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि स्वर्गीय हर्ष सिंह रीवा अंचल के कद्दावर नेता थे और उन्होंने मंत्री रहते हुए कई नवाचार किए।

आचार्य विद्यासागर महाराज के संदर्भ में डॉ यादव ने कहा कि उन्हें देख कर कभी नहीं लगा कि वे मध्यप्रदेश के मूल निवासी नहीं थे। उन्होंने देवत्व धारण किया हुआ था। उन्होंने सर्वाधिक बार चातुर्मास मध्यप्रदेश में ही किया।

विभिन्न आतंकी हमलों में शहीद राज्य के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ऐसे मामलों में शहीदों के परिवार को दी जाने वाली अनुग्रह राशि के मामले में अब पत्नी के साथ माता-पिता को भी जोड़ा है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक डॉ राजेंद्र सिंह और ओंकार सिंह मरकाम ने भी दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Next Post

विपक्षी दल कांग्रेस का सदन में हंगामा, कार्यवाही स्थगित

Mon Jul 1 , 2024
भोपाल, 01 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा में आज मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्यों ने राज्य के चर्चित नर्सिंग घोटाले को लेकर हंगामा किया, जिसके चलते सदन की कार्यवाही दिन में एक बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। मानसून सत्र के पहले दिन सदन में कार्यसूची के अनुरूप […]

You May Like