
सिंगरौली। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शनिवार शाम जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित एनसीएल ग्राउंड बिलौजी पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग 513 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की गई। इस दौरान 11 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी भूमि-पूजन किया गया, जो क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रतिभाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल केंद्र के रूप में विकसित होगा। यह परियोजना नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद के सहयोग तथा मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के मार्गदर्शन में तैयार की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री संपतिया उइके, राज्यमंत्री राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सिंगरौली को विकास और खेल गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
