जबलपुर: पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले जबलपुर रेल मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम माह के दौरान माल लदान एवं माल ढुलाई के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में सर्वाधिक वाणिज्यिक आय अर्जित करने वाला मंडल बनने का गौरव प्राप्त किया है मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आपसी समन्वय, सतत प्रयास एवं योजनाबद्ध कार्यप्रणाली अपनाते हुए रेल राजस्व में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा रही है।
रिकॉर्ड राजस्व हुआ प्राप्त
इन प्रयासों के सकारात्मक परिणामस्वरूप चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम माह (01 से 30 अप्रैल) के दौरान जबलपुर रेल मंडल द्वारा कुल 3.42 मिलियन टन माल लदान किया गया, जिससे मंडल को 341 करोड़ 90 लाख रुपये का रिकॉर्ड रेल राजस्व प्राप्त हुआ है। जबलपुर रेल मंडल द्वारा मंडल के सभी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में निरंतर विस्तार के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की माल ढुलाई हेतु व्यापारियों एवं औद्योगिक इकाइयों को शिकायत रहित, समयबद्ध एवं विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।
