48 घंटे के भीतर दिवंगत कर्मी के परिवार को मिला पीएम, बीमा-पेंशन का सहारा

जबलपुर: सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में त्वरित कार्यवाही का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), जबलपुर ने विद्या राइस मिल के सॉल्वेंट एक्सट्रैक्शन प्लांट में हुए भीषण अग्निकांड में मृत श्रमिक दिलावर सिंह के परिवार को मात्र 48 घंटे के भीतर भविष्य निधि, बीमा एवं पेंशन संबंधी लाभ उपलब्ध कराए।
सतना जिले के ग्राम तिघरा निवासी सिंह परिवार उस समय भावुक हो उठा, जब प्रवर्तन अधिकारी कमल कांत पाण्डेय स्वयं उनके निवास पहुंचे और दिवंगत श्रमिक की पत्नी रेनू सिंह को पीएफ, कर्मचारी जमा लिंक्ड बीमा (ईडीएलआई) एवं पेंशन संबंधी अधिकार पत्र सौंपे। यह आर्थिक सहायता कठिन समय में परिवार एवं बच्चों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण संबल सिद्ध होगी।

विदित हो कि घटना की सूचना मिलते ही ईपीएफओ अधिकारियों द्वारा मृतक श्रमिक के आश्रितों को समस्त देय लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई थी। कर्मचारी भविष्य निधि एवं विविध उपबंध अधिनियम, 1952 के अंतर्गत आने वाले संस्थानों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को भविष्य निधि, पेंशन एवं बीमा का लाभ प्राप्त होता है। 20 या उससे अधिक कर्मचारियों वाले प्रतिष्ठानों के लिए सभी पात्र कर्मचारियों को ईपीएफ से जोड़ना एवं नियमित मासिक अंशदान जमा करना कानूनी रूप से अनिवार्य है। ईपीएफओ अधिकारियों ने बताया कि जागरूकता के अभाव में कई कर्मचारी एवं नियोक्ता सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। अधिनियम के तहत ईपीएफ अंशदान जमा न करना गंभीर एवं संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है, जिसके लिए दीवानी एवं आपराधिक कार्यवाही, यहां तक कि कारावास का भी प्रावधान है।
जीवनसाथी को दी जाती है मासिक पेंशन राशि
ईपीएफ योजना के अंतर्गत भविष्य निधि राशि एवं पेंशन के अतिरिक्त मृत सदस्य के जीवनसाथी को आजीवन मासिक पेंशन प्रदान की जाती है। साथ ही दो बच्चों को 25 वर्ष की आयु तक पेंशन का प्रावधान है तथा निर्धारित शर्तों के अंतर्गत तीसरे बच्चे को भी लाभ दिया जा सकता है। इसके अलावा कर्मचारी जमा लिंक्ड बीमा योजना (ईडीएलआई) के तहत अधिकतम 7 लाख रुपये तक की बीमा राशि तथा संचित पीएफ राशि ब्याज सहित प्रदान की जाती है।

Next Post

स्वच्छ सर्वेक्षण में जबलपुर को अव्वल बनाने आगे आए युवा

Fri May 22 , 2026
जबलपुर: महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में संस्कारधानी जबलपुर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत देश के सबसे साफ शहरों में अव्वल स्थान दिलाने के लिए शासकीय महाकौशल महाविद्यालय प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में एक विशेष नागरिक फीडबैक जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें नगर […]

You May Like